
सिलेंडर ना मिला तो जीभ निकाल अजीब हरकत करने लगी महिला, लोग बोले 'माता' आईं- VIDEO
मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से एक अजीबोगरीब वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो उस महिला का है जो कई दिनों से गैस सिलेंडर के लिए एजेंसी के चक्कर काट रही थी, लेकिन जब उसे सिलेंडर नहीं मिला तो वह गुस्से में आकर एजेंसी पर ही जीभ निकालकर चीखने-चिल्लाने और अजीब हरकतें करने लगी।
जीभ निकाल चीखने-चिल्लाने लगी महिला
मुरैना के जौरा इलाके से सामने आई इस घटना में एक महिला गैस एजेंसी पर पहुंची और सिलेंडर न मिलने की वजह से वहां जमकर हंगामा मचाया। वह जोर-जोर से जीभ निकालकर डरावनी आवाजें निकालने लगी, जिसे देखकर वहां मौजूद लोगों को लगा जैसे उस पर माता आ गई हों। वहीं एजेंसी के कर्मचारी और आसपास खड़े लोग उसे समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन महिला का गुस्सा शांत नहीं हुआ।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महिला जीभ निकालकर जोर-जोर से चीख रही है और बार-बार कर्मचारियों से सिलेंडर देने की मांग कर रही है। उसके इस व्यवहार को देखकर वहां खड़े कुछ लोगों ने कहा कि इस पर माता आ गई हैं। हालांकि, Live Hindustan इस तरह के अंधविश्वास का समर्थन नहीं करता। हम यहां क्षेत्र में गैस की किल्लत और आम आदमी की परेशानी को उजागर कर रहे हैं।
महिला ने गैस एजेंसी के गेट को पकड़ लिया और उसे तोड़ने तक का प्रयास किया। काफी देर तक हंगामा करने के बाद भी उसे सिलेंडर नहीं दिया गया और उसे खाली हाथ ही वहां से लौटना पड़ा।
बुकिंग सर्वर में गड़बड़ी से हुई दिक्कत
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर लंबे समय से परेशानियां चल रही हैं। उपभोक्ताओं को बार-बार एजेंसियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। इस मामले में SDM जौरा शुभम शर्मा ने बताया कि बुकिंग सर्वर में तकनीकी खराबी के कारण लोगों को सिलेंडर मिलने में देरी हुई थी। उन्होंने यह भी कहा कि अब सर्वर ठीक हो गया है, सिलेंडर का स्टॉक पर्याप्त है और सभी के नंबर लग रहे हैं।
फिलहाल इस वायरल वीडियो को लेकर प्रशासन या गैस एजेंसी की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब चर्चा का विषय बना हुआ है।