
'धुरंधर 2' एक्टर दानिश पांडोर की गर्लफ्रेंड ने की उनकी तारीफ, उजैर बलोच के किरदार को लेकर कहा- यह आपका पल है!
बॉलीवुड की बहुचर्चित फिल्म 'धुरंधर 2' इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई कर रही है। इस फिल्म में दानिश पांडोर ने पाकिस्तानी गैंग लीडर उजैर बलोच का किरदार निभाया है, जिसकी हर तरफ जमकर तारीफ हो रही है। दानिश का यह रोल उनके करियर का एक अहम मोड़ साबित हो रहा है। इस बीच उनकी कथित गर्लफ्रेंड और एक्ट्रेस अहाना कुमरा ने भी सोशल मीडिया पर दिल छू लेने वाला पोस्ट शेयर कर दानिश को खूब सराहा।
आदित्य धर के निर्देशन में बनी 'धुरंधर 2' 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई और रिलीज के साथ ही इसने दर्शकों के बीच धूम मचा दी। इस स्पाई थ्रिलर में रणवीर सिंह ने हमजा अली मजारी का मुख्य किरदार निभाया है। इनके अलावा राकेश बेदी, आर माधवन, संजय दत्त और दानिश पांडोर जैसे कलाकारों ने भी अपनी दमदार एक्टिंग से फिल्म में चार चांद लगाए। दानिश ने इस फिल्म में उजैर बलोच का किरदार बेहद प्रभावशाली तरीके से जिया है।
अहाना कुमरा ने 'धुरंधर 2' के बारे में क्या कहा?
एक्ट्रेस अहाना कुमरा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया। उन्होंने फिल्म की स्क्रीनिंग की कुछ तस्वीरें भी साझा कीं, जिनमें फिल्म की पूरी स्टारकास्ट और क्रू नजर आई। एक तस्वीर में दानिश और अहाना एक-दूसरे को गले लगाते दिखे, तो दूसरी में रणवीर सिंह ने दानिश के गाल पर किस किया। एक अन्य तस्वीर में आदित्य धर भी दानिश के साथ नजर आए।
अहाना ने अपने कैप्शन में लिखा, 'खामोश इंतजार से लेकर, जोरदार प्यार तक। 'धुरंधर' से लेकर 'धुरंधर - द रिवेंज' की जबरदस्त सफलता तक का तुम्हारा सफर किसी जादू से कम नहीं रहा! तुम्हें आखिरकार वह प्यार मिलते देखकर मेरा दिल गर्व से भर गया है, जिसका तुमने इतने सालों तक इतने सब्र और ईमानदारी से इंतजार किया था!'
अहाना ने आगे कहा, 'उजैर बलोच के तौर पर आपका अभिनय दमदार, सहज और यादगार रहा! और अब पूरी दुनिया आपके लिए थम सी गई है! लोग आपके साथ तस्वीरें लेना चाहते हैं, तारीफ भरे मैसेज भेज रहे हैं, जब आप पास से गुजरते हैं तो लोगों के दिल की धड़कनें तेज हो जाती हैं... यह आपका पल है! हर एक्टर इसी पल का सपना देखता है!! यह हमेशा से एक 'शुक्रवार' (रिलीज के दिन) के बारे में होता था... लेकिन आपके लिए, एक 'सोमवार' ने सब कुछ बदल दिया। यह प्यार और बढ़ता रहे, आपकी यह यात्रा नई ऊंचाइयों को छूती रहे। और आपके दिल ने जो कुछ भी चाहा है, वह सब आपको मिले! आप इस सारी शोहरत और लाइमलाइट के हर पल के हकदार हैं! मुझे आप पर बहुत-बहुत गर्व है दानिश पांडोर।'
अहाना का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस इसे खूब पसंद कर रहे हैं। कमेंट में फैंस भी दानिश की जमकर तारीफ कर रहे हैं।